एल्स्वर्थ पहाड़ियाँ (Ellsworth Mountains) अंटार्कटिका महाद्वीप की सबसे ऊँची पर्वतमाला है। यह रोन हिमचट्टान से पश्चिम में उत्तर-दक्षिण दिशा में चलने वाली ३६० किमी लम्बी और ४८ किमी चौड़ी शृंख्ला है। इस पर्वतमाला के बीच से मिनेसोटा हिमानी (ग्लेशियर) गुज़रती है जो इसे सेंटिनेल पर्वतमाला नामक उत्तरी शृंख्ला और उसके समानांतर चलने वाली हेरिटेज पर्वतमाला नामक दक्षिणी शृंख्ला में विभाजित करती है। इन दोनों शृंख्लाओं में उत्तर में स्थित सेंटिनेल पर्वतमाला कहीं अधिक ऊँची है और ४,८९२ मीटर ऊँचा विन्सन मैसिफ़ नामक पर्वत इसी में स्थित है, जो पूरे महाद्वीप का सबसे ऊँचा बिन्दु भी है।